वाराणसी। गंगा नदी के बीच नाव पर चिकन और बियर पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे 5 युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं पार्टी में इस्तेमाल की गई नाव को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो की जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण गंगा नदी में इस तरह की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों की मर्यादा भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाल रही है।


