लखनऊ: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रविवार को धीरेन्द्र प्रताप सिंह (Dhirendra Pratap Singh) नाम शख्स की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो वहीं दूसरी ओर मृतक को सोशल मीडिया पर हिंदू युवा वाहिनी (Hindu Yuva Vahini leader) का नेता बताया जा रहा था। यूपी से लेकर देशभर में तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है, इस मामले में अचंभा तब हुआ, जब शाम होते-होते हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया।
इस वीडियो में हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने ताजा बयान का वीडियो पोस्ट कि मैं अभी जिंदा हूं… टीवी पर अपनी मौत की खबर देख रहा हूं। धीरेन्द्र प्रताप ने कहा कि ‘कुछ न्यूज़ चैनल्स ने जल्दबाज़ी में एक धीरेंद्र प्रताप सिंह जो उन्नाव के रहने वाले थे, उनकी दुखद हत्या को हमसे जोड़कर चला दिया। इतना ही नहीं, हमारा फोटो तक चला दिया, हिंदू युवा वाहिनी भी चला दिया, हिंदूवादी नेता भी चला दिया’।
हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेन्द्र ने अपने बयान में कहा कि मीडिया द्वारा खबर चलाए जाने के बाद मेरे पास इतने फोन आ रहे हैं कि पिछले घंटे भर में 200 फ़ोन करीब उठाए हैं और पहली लाइन यही रही कि ‘मैं ज़िंदा हूं भाई अभी।’ मेरे सामने टीवी चल रही है और मैं बैठकर अपनी ही मौत का खबर देख रहा हूं’। धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि चैनल्स से आग्रह है कि कृपया कम से कम खबरों की पुष्टि कर लें। पत्रकारिता का स्तर इतना हल्का नहीं होना चाहिए। इस वजह से बैठे-बैठे एक आदमी का जीवन डिस्टर्ब हो जाता है।


