नवाबगंज
नवाबगंज में सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद ब्लॉक परिसर स्थित राजकीय बीज भंडार के बाहर भारी जलभराव हो गया। इससे बीज लेने आए किसानों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण नगर पंचायत पर जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। तेज बारिश के कारण बीज भंडार का मुख्य प्रवेश मार्ग पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे यह तालाब जैसा दिखने लगा। निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पानी भर गया। वर्तमान में रबी की फसलों की तैयारी के चलते किसान बीज संबंधी कार्यों के लिए लगातार यहाँ आ रहे हैं, जिससे यह जलभराव उनके लिए बड़ी समस्या बन गया है। बीज भंडार पहुंचे किसानों ने अपनी परेशानी व्यक्त की। दीपक शाक्य, राम नाथ मिश्रा, शिव रतन और हर्ष कुमार जैसे किसानों ने बताया कि हल्की बारिश में भी यहाँ ऐसी ही स्थिति बन जाती है। उन्हें कीचड़ और गंदे पानी के बीच से होकर बीज के भारी कट्टे ले जाने में कठिनाई हो रही है। किसानों ने यह भी बताया कि जलभराव के कारण परिसर में फिसलने और चोट लगने का डर बना रहता है। इसके अलावा, भंडार के गेट तक पहुँचने के लिए उन्हें लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों बर्बाद हो रहे हैं। स्थानीय किसान रामकुमार ने कहा, “हम दूर-दराज के गांवों से खाद और बीज लेने आते हैं, लेकिन यहाँ की अव्यवस्था देखकर निराशा होती है। प्रशासन को जल निकासी का स्थायी समाधान करना चाहिए।” इस मामले पर गोदाम के प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि जल निकासी के लिए नाले की सफाई की आवश्यकता है। जलभराव के कारण दिन भर बीज भंडार का कार्य प्रभावित रहा और लोगों को गंदे पानी से होकर ही गुजरना पड़ा। स्थानीय निवासियों और किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि राजकीय बीज भंडार जैसे सार्वजनिक महत्व के स्थान पर जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में उन्हें ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
नवाबगंज में सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद ब्लॉक परिसर स्थित राजकीय बीज भंडार के बाहर भारी जलभराव


