35 C
Lucknow
Sunday, May 24, 2026

गर्मी का कहर जारी: 33 जिलों में लू का अलर्ट, कई इलाकों में आंधी और बूंदाबांदी की चेतावनी

Must read

 

लखनऊ। प्रदेश में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के बुंदेलखंड और दक्षिणी हिस्सों में तेज धूप और लू के थपेड़ों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जबकि तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम करवट लेने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को 33 जिलों में लू का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं 14 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

बांदा बना प्रदेश का सबसे गर्म जिला

रविवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, उरई और आगरा में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया।

सर्वाधिक तापमान वाले जिले

बांदा – 46.8°C

प्रयागराज – 45.6°C

झांसी – 45.6°C

हमीरपुर – 45.6°C

उरई – 45.6°C

आगरा – 45.4°C

10 जिलों में रेड अलर्ट, 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार सोमवार के लिए 10 जिलों में प्रचंड लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रेड अलर्ट वाले जिले

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और भदोही।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर।

पूर्वांचल और तराई में आंधी-बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग ने पूर्वांचल और तराई के 14 जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की चेतावनी भी जारी की है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों में आंधी और बारिश की संभावना

आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और अंबेडकर नगर।

नौतपा के दौरान और बढ़ेगी गर्मी

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान और बढ़ सकता है। हालांकि पुरवा हवाओं और नमी के कारण तराई क्षेत्रों में हल्के मौसम परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन फिलहाल प्रदेश के बड़े हिस्से को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी काम न होने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है।

किसानों और पशुपालकों के लिए भी चेतावनी

कृषि विभाग ने किसानों को दिन के समय खेतों में कम काम करने और पशुओं को पर्याप्त पानी व छांव उपलब्ध कराने की सलाह दी है। तेज गर्मी का असर फसलों और पशुओं दोनों पर पड़ने की आशंका जताई गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article