31.2 C
Lucknow
Tuesday, October 13, 2026

यूपी बोर्ड के 1348 परीक्षार्थी घटे, अब तक तय नहीं हुए परीक्षा केंद्र

Must read

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं पांच फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित होंगी। इस बार जिले में पिछले वर्ष की अपेक्षा 1,348 परीक्षार्थी कम हुए हैं। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बावजूद शिक्षा विभाग अभी तक परीक्षा केंद्रों का निर्धारण नहीं कर सका है।
जिले में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 44,675 विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ है। पिछले वर्ष यह संख्या 46,123 थी। इस तरह दोनों कक्षाओं को मिलाकर इस बार 1,348 परीक्षार्थी कम हो गए हैं।
पिछले वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में 78 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर हाईस्कूल के 24,694 और इंटरमीडिएट के 21,429 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आने के बावजूद परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) से जिले के विद्यालयों में परीक्षा के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मांगी थी। इसके अनुपालन में पिछले महीने जिले के 281 राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों का विवरण परिषद को भेजा गया है। इसमें पेयजल, शौचालय, विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी शामिल है।
इन्हीं विद्यालयों में से निर्धारित मानकों के आधार पर परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं। विभाग के अनुसार, जिन विद्यालयों की जानकारी भेजी गई है, उनका तहसील स्तर पर सत्यापन कराया जा चुका है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। विभाग का कहना है कि परिषद की ओर से मांगी जाने वाली सूचनाएं समय से भेजी जा रही हैं। अब परीक्षार्थियों और विद्यालयों को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने का इंतजार है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article