फर्रुखाबाद। 11वें आयुर्वेद दिवस-2026 के अवसर पर जनपद स्तर पर आयुर्वेद चिकित्सा एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में जिले के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों, यूनानी चिकित्सालयों और योग वेलनेस सेंटरों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अमित बाथम ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय फतेहगढ़ में भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान डॉ. आदित्य किशोर, प्रभारी चिकित्साधिकारी भी उपस्थित रहे।
आयुर्वेद दिवस के तहत आयुर्वेद चिकित्सा उपचार एवं आयुर्वेद जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। इसमें दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार, योग और रोग निवारक स्वास्थ्य के संबंध में लोगों को जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षक अंकुर द्विवेदी और योग सहायक अमित सक्सेना ने योग एवं ध्यान सत्र कराया।
प्रेस नोट के अनुसार जिले के 16 आयुर्वेदिक चिकित्सालयों, 3 यूनानी चिकित्सालयों और 4 योग वेलनेस सेंटरों से जुड़े गांवों में आयुर्वेद जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रकृति परीक्षण एवं जीवनशैली मूल्यांकन शिविर लगाए गए तथा लोगों को आयुर्वेद आधारित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में परामर्श दिया गया।
सभी आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में कम से कम पांच औषधीय पौधों का रोपण किया गया और लोगों को उनके उपयोग की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सालयों द्वारा कुल 1,672 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों को निशुल्क औषधियां वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेदिक चिकित्सा के साथ-साथ स्वस्थ दिनचर्या और प्राकृतिक जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
देशभर में भी 23 सितंबर को 11वां आयुर्वेद दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष का विषय “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” रखा गया है।


