मोहम्मदाबाद।  थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम नगला जम्पत मार्ग पर बहादुर नगला अंदर पास लगभग 50 कदम की दूरी पर सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर मिलते ही थाना पुलिस सक्रिय हो गई और कुछ ही देर में उच्चाधिकारियों के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे शौच के लिए जा रहे दलवीर सिंह के पुत्र सुमित कुमार ने सड़क पर एक युवक का शव पड़ा देखा। शव देखते ही वह भयभीत हो गया और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। डायल 112 टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत कोतवाली प्रभारी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, अजय वर्मा, डीएसपी तथा विनोद कुमार शुक्ला, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी जा रही है। मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर “विक्रम” नाम का टैटू तथा बाएं हाथ पर “ॐ” का टैटू गुदा हुआ है, जो पहचान के लिए अहम सुराग माना जा रहा है। मृतक ने फिरोजी रंग की जॉकी का अंडरवियर, हल्के पिंक और काले रंग की चेकदार स्वेटर, काली-सफेद लाइन की गर्म टी-शर्ट, सफेद-ग्रे लाइनिंग की शर्ट, बदामी रंग की पैंट और ब्राउन रंग की बेल्ट पहन रखी थी। एक पैर में काले रंग का एयर-9 कंपनी का जूता पाया गया।
शव की स्थिति को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की गर्दन पर रस्सी या तार से गला घोंटने के काले निशान पाए गए हैं, वहीं मुंह से खून निकलने के भी निशान मिले हैं। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। फॉरेंसिक जांच के दौरान शव को घसीटने या किसी वाहन से लाकर फेंके जाने के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका और मजबूत हो गई है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर डाला गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि यह शव किसी अन्य स्थान से लाकर यहां फेंका गया है। शव की पहचान के लिए जिले के सभी थानों और ग्राम प्रधानों के व्हाट्सएप ग्रुप में मृतक की फोटो साझा की गई है, ताकि जल्द से जल्द पहचान हो सके।
चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं डीएसपी अजय वर्मा ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला को निर्देश दिए हैं कि कोहरा कम होने के बाद पुनः घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अतिरिक्त साक्ष्य एकत्र किए जाएं।
फिलहाल पुलिस हत्या के हर पहलू से जांच कर रही है। शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here