32 C
Lucknow
Saturday, May 9, 2026

पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री पीए हत्याकांड की जांच में यूपी कनेक्शन

Must read

 

बदायूं पहुंची बंगाल पुलिस की टीम, संभल में दी दबिश

लखनऊ

पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की गूंज अब उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई है। इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच में जुटी पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम शुक्रवार देर रात बदायूं पहुंची, जिससे स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर कुछ संदिग्धों की लोकेशन गुन्नार क्षेत्र में मिली थी। इसी सुराग के आधार पर बंगाल पुलिस की टीम यूपी पहुंची।
बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम को सीधे गुन्नौर पहुंचना था, लेकिन पुराने प्रशासनिक रिकॉर्ड और क्षेत्रीय जानकारी के कारण टीम पहले बदायूं पहुंच गई। दरअसल, गुन्नौर क्षेत्र पहले बदायूं जिले का हिस्सा हुआ करता था, लेकिन संभल जिला बनने के बाद इसे उसमें शामिल कर दिया गया। इसी भ्रम की वजह से पुलिस टीम देर रात बदायूं पहुंची और वहां स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया।
सूत्रों के अनुसार बंगाल पुलिस की टीम ने बदायूं में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी साझा की। इस दौरान हत्या से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तकनीकी इनपुट, मोबाइल कॉल डिटेल और संदिग्धों की गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी स्थानीय पुलिस के साथ साझा की गई। इसके बाद टीम ने मार्ग और क्षेत्र की स्थिति स्पष्ट होने पर संभल जिले के लिए रवाना होकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पश्चिम बंगाल में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद वहां की पुलिस लगातार कई राज्यों में छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियां मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग, सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। माना जा रहा है कि हत्या की साजिश काफी पहले से रची गई थी और इसमें कई लोगों की भूमिका हो सकती है।
देर रात बदायूं में अचानक पश्चिम बंगाल पुलिस के पहुंचने की सूचना से स्थानीय पुलिस महकमे में भी हलचल बनी रही। हालांकि अभी तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारी फिलहाल मामले को लेकर ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं, लेकिन जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस हत्याकांड को लेकर चर्चाएं तेज हैं, क्योंकि मामला सीधे पश्चिम बंगाल की राजनीति और भाजपा के बड़े चेहरे से जुड़ा हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article