रोम। इटली में बैसाखी के पावन अवसर पर एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बर्गामो प्रांत के कोवो इलाके में दो भारतीय नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और भारतीय समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई जब दोनों मृतक एक वेयरहाउस से बाहर निकल रहे थे, जिसे बैसाखी समारोह और धार्मिक कार्यक्रम के लिए सभा स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। यह स्थान गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के पास स्थित बताया जा रहा है। तभी अचानक एक हमलावर वहां पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय रागिंदर सिंह और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से इटली में रह रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने बेहद करीब से कई गोलियां चलाईं और फिर कार में बैठकर मौके से फरार हो गया। घटना स्थल से करीब 10 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और इसे सुनियोजित हत्या के रूप में देखा जा रहा है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर संभवतः भारतीय मूल का हो सकता है और वह भी उसी गुरुद्वारे में आता-जाता था। हालांकि पुलिस इस संबंध में सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
घटना में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है, जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। इस गोलीबारी ने न केवल स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया है, बल्कि अगले दिन होने वाले बैसाखी समारोह की तैयारियों पर भी असर डाला है।
इटली में बसे भारतीय समुदाय के लिए यह घटना गहरा आघात है। बैसाखी जैसे पवित्र पर्व पर हुई इस हिंसक वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। भारतीय दूतावास भी मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क में है।
फिलहाल पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
बर्गामो में दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या, हमलावर कार से फरार


