कमालगंज/फर्रुखाबाद। भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू का मंगलवार को जनपद फर्रुखाबाद में प्रथम आगमन हुआ। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही रजीपुर और कमालगंज में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और जोरदार स्वागत कर उनका अभिनंदन किया।
रजीपुर में आयोजित स्वागत समारोह में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान ज्ञानेंद्र सिंह, योगेंद्र नाथ द्विवेदी (लड्डू गोपाल), अजय सिंह नेताजी, प्रदीप सिंह, गजेंद्र सिंह, सदन दुबे, योगेश प्रताप सिंह, रवि कुमार, नीरज शुक्ला समेत अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद कमालगंज में भी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रामकिशोर साहू ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाना है, ताकि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाए। उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती ही चुनावी सफलता की सबसे मजबूत नींव है।


