फर्रुखाबाद। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप से छात्र-छात्राओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है।
नए आदेश के अनुसार अब जनपद के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्ड से संचालित कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल प्रातः 7:30 बजे से अपरान्ह 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जिससे छात्र-छात्राएं दोपहर की तेज धूप और लू के प्रकोप से बच सकें।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक शिक्षक संगठनों द्वारा भी विद्यालय समय में बदलाव की मांग उठाई गई थी। शिक्षकों और अभिभावकों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने त्वरित निर्णय लिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे नए समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें तथा बच्चों को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करें। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी के साथ विद्यालय भेजें और अत्यधिक गर्मी में उनकी सेहत का विशेष ध्यान रखें।
भीषण गर्मी के चलते कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का समय बदला


