36 C
Lucknow
Thursday, April 16, 2026

सचेंडी में ड्रोन से बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार

Must read

कानपुर
सचेंडी कस्बे में बुधवार देर शाम पुलिस ने हाईटेक तरीके से बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करों के ठिकाने पर छापा मारा। इस ऑपरेशन में तीन ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे इलाके की निगरानी की गई और करीब 70 पुलिसकर्मियों ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

पुलिस ने दौड़ाकर सात महिलाओं समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार लोगों में माया गिहार, करिश्मा गिहार, दीपा और इंद्रपाल गिहार शामिल हैं। इनके पास से 3.3 किलो गांजा और लगभग 92 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि यह अवैध कारोबार सचेंडी थाने से कुछ ही दूरी पर लंबे समय से चल रहा था। एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके और ट्रेनी आईपीएस सुमेध मिलिंद जाधव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में ड्रोन की मदद से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई, जिससे कई लोग भागते हुए कैमरे में कैद हो गए।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पान मसाला की गुमटियों की आड़ में गांजा बेचने का काम कर रहे थे। छोटे-छोटे पैकेट यानी पुड़िया बनाकर करीब 50 रुपये में बिक्री की जा रही थी, और रोजाना बड़ी मात्रा में इसकी सप्लाई की जाती थी।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी गिरोह की सप्लाई लाइन मध्य प्रदेश और स्थानीय इलाकों तक फैली हो सकती है। पुलिस ने साफ किया है कि ड्रोन और तकनीकी निगरानी के जरिए ऐसे अवैध कारोबारों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article