नई दिल्ली
नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गंगटोक दौरे के दौरान युवाओं के साथ फुटबॉल खेलकर एक अलग ही अंदाज में सुबह की शुरुआत की। उन्होंने इस पल को “प्यारी सुबह और ऊर्जावान सत्र” बताते हुए खेल और फिटनेस के महत्व पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस दौरान का वीडियो और तस्वीरें साझा कीं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं।
करीब दो मिनट 39 सेकंड के वीडियो में प्रधानमंत्री खिलाड़ियों से मिलते-जुलते, उनसे हाथ मिलाते और वॉर्म-अप करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल हाथ में लेकर युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “ये है आपकी ताकत!” उन्होंने हंसते हुए खिलाड़ियों से यह भी पूछा, “मुझे आज क्या सिखाएंगे आप लोग? ऐसा तो नहीं कि मुझे हरा दोगे?”
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने खासकर महिला खिलाड़ियों के साथ भी फुटबॉल खेला और उनसे बातचीत की। उन्होंने खेलों में युवाओं की भागीदारी, ओलंपिक की तैयारियों और फिट इंडिया जैसे अभियानों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री का यह अनौपचारिक अंदाज युवाओं के बीच खासा उत्साह और ऊर्जा का कारण बना।


