कानपुर। बढ़ते ईंधन खर्च और ऊर्जा संरक्षण को लेकर कानपुर जिला प्रशासन ने अनोखी पहल की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कई वरिष्ठ अधिकारी सरकारी वाहनों की बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते हुए बस से तहसील दिवस में पहुंचे।
करीब 60 किलोमीटर का सफर तय कर अधिकारी बिल्हौर तहसील पहुंचे, जहां आम जनता की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी , बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस पहल को सरकारी खर्च कम करने और ईंधन बचत के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देकर न सिर्फ फ्यूल की बचत होगी बल्कि आम जनता में भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
जिला प्रशासन की इस पहल की चर्चा अब पूरे कानपुर मंडल में हो रही है। लोगों का कहना है कि अगर बड़े अधिकारी खुद सार्वजनिक परिवहन अपनाएं तो आम नागरिकों में भी जागरूकता बढ़ेगी और अनावश्यक सरकारी खर्च पर अंकुश लगाया जा सकेगा।


