कमालगंज। क्षेत्र के श्रृंगीरामपुर भिम्मीनगला गांव के चार युवाओं ने भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। युवाओं की इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए चयनित युवाओं को बधाई दी है।
अग्निवीर के पद पर चयनित होने वाले युवाओं में रवि पुत्र दिवारी लाल, अमन राजपूत पुत्र लंकुश, शिवांशु पुत्र जसवंत यादव तथा शिवम यादव पुत्र मुकेश निवासी चौपड़ा शामिल हैं। चारों युवाओं के चयन की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में खुशी का माहौल छा गया और गांव में बधाई देने वालों का तांता लग गया।
परिजनों ने बताया कि चारों युवाओं का बचपन से ही भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना था। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है। लंबे समय से की जा रही तैयारी का परिणाम मिलने के बाद परिवार के सदस्यों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
चयन की सूचना मिलने पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने चारों युवाओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ चार युवाओं का सेना में चयन होना क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। इससे गांव में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर अजय सिंह नेताजी, अमर सिंह, शीशराम, सैदेश, राजीव, फूल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित युवाओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल एवं सफल सैन्य जीवन की कामना की।


