मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में ग्राम पसनिंगपुर निवासी सचिन राजपूत के बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए। वहीं लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पीड़िता अंजली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 5 जून 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। इसी दौरान घर सूना पाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। शनिवार सुबह जब वह घर लौटीं तो कमरे और अलमारी के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
सामान की जांच करने पर पता चला कि चोर घर में रखे एक जोड़ी सोने के झाले, सोने का पेंडल, सोने का टीका, सोने की बेसर, सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की करधनी तथा करीब छह हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त कर जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


