शाहजहाँपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय वीआईपी ग्रुप विद हेल्पिंग हैंड्स ने अपने स्थापना दिवस को इस बार विशेष रूप देते हुए गौ-सेवा के साथ मनाया। संस्था ने 11 वर्ष पूरे होने पर बैसाखी के अवसर पर श्री श्याम सुंदर गोधाम में सेवा कार्य कर मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया। कार्यक्रम के तहत सदस्यों ने विधि-विधान से गौ-पूजन किया और गायों को चारा, गुड़ सहित अन्य खाद्य सामग्री खिलाई। साथ ही गोसंरक्षण और जीव दया को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। आयोजन के दौरान सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया। संस्था की अध्यक्ष दीपमाला रस्तोगी ने कहा कि वर्षों पहले शुरू हुआ यह छोटा प्रयास आज एक मजबूत सामाजिक मंच बन चुका है, जो निरंतर जरूरतमंदों की सहायता कर रहा है। क्रिएटर अभिनय गुप्ता ने कहा कि सदस्यों की एकजुटता ही संस्था की असली ताकत है।
महासचिव सतीश सक्सेना ने संस्था को सकारात्मक बदलाव का माध्यम बताया, वहीं कोषाध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने सेवा कार्यों में पारदर्शिता और निरंतरता पर जोर दिया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. नमिता सिंह ने कहा कि संस्था आज वटवृक्ष की तरह समाज में अपनी शाखाएं फैला चुकी है और हर स्तर पर लोगों की मदद कर रही है।
इस मौके पर संजय अग्रवाल, कौशलेंद्र मिश्रा, डॉ. अमित सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे। अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि सेवा कार्यों को और विस्तार दिया जाएगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा सके।


