पुवायाँ (शाहजहाँपुर): जनपद में अपराध रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना पुवायाँ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने वाले आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है।
13 मार्च 2026 को एक महिला ने थाना पुवायाँ में तहरीर दी थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 155/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान 20 मार्च को पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया था। पीड़िता के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट की वृद्धि की गई थी।
दिनांक 13 अप्रैल 2026 को थाना पुवायाँ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त कहीं भागने की फिराक में बड़ागाँव-खुटार हाईवे स्थित फ्लाईओवर के नीचे खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फ्लाईओवर से करीब 30 मीटर की दूरी पर संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान दीपक उर्फ टायमपास (19 वर्ष), पुत्र बेचेलाल, निवासी ग्राम बितौनी, थाना पुवायाँ के रूप में बताई है। पुलिस ने आरोपी को उसकी धाराओं और जुर्म से अवगत कराते हुए सुबह 06:30 बजे हिरासत में लिया।


