शाहजहांपुर। जनपद में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. अपराजिता सिंह ने एक झटके में चार खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। इस कार्रवाई को लापरवाही पर सीधा संदेश माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जैतीपुर के बीडीओ मनीष दत्त को बंडा ब्लॉक भेजा गया है। तिलहर में तैनात गिरजेश द्विवेदी को जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं बंडा के बीडीओ विजयकांत मिश्रा को तिलहर ब्लॉक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा डीआरडीए में कार्यरत बाबूलाल वर्मा को जैतीपुर ब्लॉक का नया बीडीओ बनाया गया है। बताया जा रहा है कि कई ब्लॉकों में योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी और गुणवत्ता को लेकर शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके बाद सीडीओ ने यह कदम उठाते हुए संकेत दिया है कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से न केवल कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि निगरानी व्यवस्था भी मजबूत होगी। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण कर योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए गए हैं।


