गोरखपुर: गोरखपुर (gorakhpur) जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां तेज रफ्तार कार (car) अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना इतनी भयानक थी कि कार सवार 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए पहुंचाया।
बता दें कि घटना खोराबार थाना क्षेत्र के भैसहा के पास उस वक्त घटी, जब बिहार से कार में 5 लोग सवार होकर अयोध्या रामलला के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई और कार से नियंत्रण खो दिया। कार डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क के नीचे उतर गई और पलट गई। घटना में मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई। हादसा होता देख राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई, उसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। उसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने दो अन्य लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 2 गंभीर घायलों का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान ओम, वासुकी और प्रवीण के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, घटना की जांच की जा रही है।


