झांसी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुखनई नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र, भतीजा और भांजा शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब एक व्यक्ति नदी में पूजा के दौरान डूबने लगा और उसे बचाने के लिए परिवार के चार अन्य सदस्य भी पानी में उतर गए।
देवीसिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी (45) अपने बेटे अर्पित (12), भांजे पुष्कर शुक्ला (23), भतीजे अभिनय तिवारी (26) और श्रेयांश तिवारी (21) के साथ सुखनई नदी के किनारे पिंडदान करने पहुंचे थे। कर्मकांड के बाद अनूप तिवारी पूजा के लिए नदी में उतरे। नदी के बीच पहुंचते ही वह गहरे पानी में डूबने लगे।
अनूप को डूबता देखकर अर्पित, पुष्कर, अभिनय और श्रेयांश उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। देखते ही देखते पांचों गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रानीपुर चौकी और मऊरानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया।
गोताखोरों ने करीब 30 मिनट तक नदी में तलाश अभियान चलाया। एक-एक कर पांचों को बाहर निकाला गया। सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के लोग पिंडदान के लिए नदी पर आए थे। पूजा के दौरान अनूप तिवारी डूबने लगे थे। उन्हें बचाने की कोशिश में उनके साथ आए चार अन्य लोग भी नदी में डूब गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मऊरानीपुर के उपजिलाधिकारी मनोज कुमार भारती ने बताया कि मृतकों के परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रयास है कि 24 से 48 घंटे के भीतर परिवार को सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाए।


