लखनऊ। साइबर ठगी के मामलों में पुलिस ने पीड़ितों की फ्रीज कराई गई रकम वापस कराने की कार्रवाई तेज की है। एनसीआरपी/सीएफसीएफआरएमएस में जीआरएम मॉड्यूल के जरिए शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। ऑपरेशन डिजिटल कवच के तहत चलाए जा रहे अभियान में डिजिटल अरेस्ट के सात मामलों में 1.01 करोड़ रुपये से अधिक की रकम फ्रीज कराई गई, जबकि साइबर पुलिस ने पीड़ितों के 16.81 लाख रुपये वापस कराए हैं। एडीसीपी क्राइम किरण यादव ने लोगों से ठगी होते ही 1930 पर सूचना देने की अपील की। फ्रीज रकम की वापसी के लिए एमआरएम पोर्टल से आवेदन किया जा सकता है। पुलिस ने रिफंड के नाम पर किसी को ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी न देने की चेतावनी भी दी है।
नेपाली सांसद बोले- बालेंन सरकार से जनता खुश नहीं
महराजगंज। नेपाल के सांसद ताहिर अली ने कहा कि सरकार चलाने के लिए अनुभव जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि युवा प्रधानमंत्री से नेपाली जनता को जो उम्मीदें थीं, वे पूरी नहीं हुई हैं और लोग सरकार से संतुष्ट नहीं हैं। निजी कार्यक्रम में महराजगंज पहुंचे सांसद ने नेपाली सरकार से जनता और देशहित में काम करने की अपील की।
मस्जिद पर हनुमान चालीसा के ऐलान से पुलिस अलर्ट
मेरठ। मस्जिद पर हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कार्यकर्ता मस्जिद की ओर जाने के लिए सीएबी चौराहे पर जुटे थे। संगठन से जुड़े पिंकी चौधरी ने मस्जिद पर पाठ करने का ऐलान किया था, जिसके बाद उन्हें देहरादून में नजरबंद किया गया। सदर बाजार थाना क्षेत्र में मस्जिद के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं ने थाने में पुलिस के सामने अपनी कई मांगें रखीं।
डीएवी पीजी कॉलेज में नवदीप राणा अध्यक्ष बने
देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के नवदीप राणा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने एनएसयूआई के सौरव सेमवाल को 96 वोटों से हराया। वहीं महासचिव पद पर निर्दलीय प्रत्याशी निलांश ने जीत हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज परिसर में समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया।


