कायमगंज, फर्रुखाबाद। थाना कम्पिल क्षेत्र के गांव पट्टी मदारी में घरेलू विवाद के दौरान रिश्तेदार पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपने साड़ू पर जान से मारने की नीयत से 12 बोर के तमंचे से गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुमित पुत्र भजनलाल की शादी रविशा पुत्री मिस्रीलाल निवासी चिलसरा थाना शमशाबाद से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और आए दिन मारपीट होती रहती थी। शनिवार को भी कथित रूप से विवाद और मारपीट हुई, जिसके बाद महिला ने अपने मायके पक्ष को सूचना देकर घर बुलाया था।
बताया गया कि रविवार को आलोक पुत्र अमर सिंह निवासी गोटौला हमीरपुर खास, कोतवाली कायमगंज तथा अवनीश पुत्र रामशंकर निवासी नवादा गोटिया थाना कांठ, शाहजहांपुर परिवार के साथ सुलह-समझौते के लिए सुमित के घर पहुंचे थे। इसी दौरान बातचीत के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुस्से में आए सुमित ने घर का गेट बंद कर दिया और कहा कि “तुम लोग मुझे मारने आए हो।” इसके बाद उसने सीढ़ियों के नीचे रखे 12 बोर के देसी तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से आलोक घायल हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी नितिन चौधरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


