34.6 C
Lucknow
Saturday, July 25, 2026

बीमार मासूम बेटी की गला दबाकर हत्या, पड़ोसियों पर झूठा मुकदमा लिखवाने वाला पिता गिरफ्तार

Must read

फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। पुलिस ने अपनी जांच में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले पड़ोसियों पर पथराव कर बच्ची की मौत का झूठा आरोप लगाया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच में पूरा मामला उलट गया।
पुलिस के अनुसार, थाना कमालगंज के ग्राम गुगौरा निवासी बबलू जाटव अपनी पत्नी खुशबू के साथ 20 जुलाई को बीमार डेढ़ वर्षीय बेटी जिज्ञासा का इलाज कराने लोहिया अस्पताल गया था। बच्ची लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। बताया जा रहा है कि इलाज के बढ़ते खर्च और आर्थिक तंगी के कारण बबलू मानसिक रूप से परेशान था।
आरोप है कि उसी रात उसने अपनी मासूम बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पूछताछ में बबलू ने पुलिस को गुमराह करते हुए दावा किया कि पड़ोसियों द्वारा किए गए पथराव में उसकी बेटी की मौत हुई है।
पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत गला दबाने से हुई थी और शरीर पर पथराव जैसी कोई बाहरी चोट नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बच्ची की मां खुशबू ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए पड़ोस के कुछ लोगों के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पड़ोसियों ने उनके घर पर ईंट-पत्थर फेंके, जिससे जिज्ञासा को चोट लगी और उसकी मौत हो गई। साथ ही आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई थी।
हालांकि पुलिस जांच में पथराव की घटना की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने बबलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि बेटी की बीमारी के इलाज में कर्ज बढ़ने और आर्थिक दबाव के चलते उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का एक अन्य बच्चा भी पहले ही मृत्यु का शिकार हो चुका है। वहीं, झूठी सूचना देकर निर्दोष लोगों को फंसाने के प्रयास के संबंध में भी जांच जारी है। मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article