फर्रुखाबाद। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष एडवोकेट सूरज गौतम के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में NEET-UG 2026 पेपर लीक को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिव प्रकाश विश्वकर्मा एवं गुड्डू कठेरिया शामिल हुए। दोनों नेताओं ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से देश के लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। सरकार को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
जिलाध्यक्ष एडवोकेट सूरज गौतम ने कहा कि “पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और देश के भविष्य पर सीधा हमला है। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) छात्रों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी। दोषियों को कठोरतम सजा मिले और प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय, पुनर्परीक्षा तथा उचित मुआवजा दिया जाए।”
ज्ञापन में मांग की गई कि पेपर लीक को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए, दोषियों को उम्रकैद सहित कठोर दंड दिया जाए, सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा प्रभावित छात्रों को न्याय और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई रोकने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर फाउंडर जिलाध्यक्ष फरियाब खान, जिला प्रभारी राशिद खान, जिलाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ नूर अहमद, पिंटू जाटव, पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज गौतम, आशुतोष कठेरिया समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


