अंडर-17 इंटर आर्मी पब्लिक स्कूल प्रतियोगिता का शानदार समापन
– खिलाड़ियों और निर्णायकों को किया गया सम्मानित
फर्रुखाबाद,फतेहगढ़। क्लस्टर-4 अंडर-17 इंटर आर्मी पब्लिक स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट में आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं आर्मी पब्लिक स्कूल एल.बी.एस मार्ग लखनऊ ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
रविवार को खेले गए लीग मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली ने आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ को 1-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में बरेली की टीम ने कुल 6 अंक हासिल किए, जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल एल.बी.एस मार्ग लखनऊ 3 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और मैदान पर रोमांचक मुकाबला दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मेजर सी.आई. सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने का सबसे बड़ा मंच है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार भी दिए गए। आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली के खिलाड़ी आर्यन सिंह को गोल्डन बूट मोमेंटो से सम्मानित किया गया, जबकि गोल्डन ग्लव्स का पुरस्कार बरेली के ही खिलाड़ी रौनक को प्रदान किया गया। दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की पूरे टूर्नामेंट में चर्चा रही।
इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सिखलाई रेजीमेंट सेंटर की निर्णायक टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हवलदार राहुल, नायक गुरुप्रीत सिंह, नायक बलवंत सिंह, नायक परमिंदर सिंह और सिपाही परमिंदर सिंह को निष्पक्ष और उत्कृष्ट संचालन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सैन्य शारीरिक प्रशिक्षण कोर के शारीरिक प्रशिक्षण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मणि कृष्णन ने भी टूर्नामेंट के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
विद्यालय के चेयरमैन एवं सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी और सीख होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी खेल और अनुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, निर्णायकों और विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।


