फर्रुखाबाद। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी शमशाबाद मंडल अध्यक्ष ने पुलिस से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा मंडल अध्यक्ष आदेश कुमार शाक्य निवासी ग्राम ललौर ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कुछ वीडियो देखे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियां की गई हैं। इसके साथ ही एक अन्य वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त वीडियो शमशाबाद के मोहल्ला मीरा दरवाजा निवासी शिवानी जाटव द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किए गए हैं। इसको लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


