41 C
Lucknow
Thursday, May 21, 2026

खेत पर ट्रैक्टर से जुताई रोकने का आरोप, मारपीट और जान से मारने की धमकी में एफआईआर दर्ज

Must read

फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में खेत की जुताई को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला ग्राम गोहरपुर का बताया जा रहा है।

दर्ज एफआईआर के अनुसार गांव निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने खेत की जुताई ट्रैक्टर से करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के धर्म सिंह उर्फ छोटू, उसकी पत्नी रुचि, अनुज सिंह उर्फ रच्छू, अर्चना और नीशू चौहान मौके पर पहुंच गए और जुताई रुकवा दी।

पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक आरोपी ने लाइसेंसी राइफल के बट से सिर पर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।

एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि जमीन का बैनामा पहले से पीड़ित पक्ष के नाम बताया गया है और उसी भूमि पर खेती करने को लेकर विवाद चल रहा था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष दबंगई के बल पर खेती कार्य में बाधा डाल रहा है।

मोहम्मदाबाद थाने में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article