मरीज को उठाने नहीं पहुंचा अस्पताल का कोई कर्मचारी
फर्रुखाबाद। जिले के प्रमुख सरकारी अस्पताल डॉ राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर उजागर हो गई। सोमवार को ओपीडी हाल में भीषण गर्मी और अव्यवस्था के चलते लाइन में लगा एक मरीज अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओपीडी में अत्यधिक भीड़ और गर्मी के कारण मरीज काफी देर से लाइन में खड़े थे। इसी दौरान एक मरीज चक्कर खाकर जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद परिजन और अन्य लोगों ने जैसे-तैसे उसे उठाकर बैठाया और पानी पिलाया। काफी देर बाद मरीज को होश आया और उसने राहत की सांस ली।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान अस्पताल में तैनात कोई भी कर्मचारी या स्वास्थ्यकर्मी तत्काल मौके पर नहीं पहुंचा। मरीज को संभालने की जिम्मेदारी पूरी तरह उसके साथ आए परिजनों और आम लोगों पर ही रही। इस लापरवाही ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओपीडी हाल में पंखों और कूलिंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के इस मौसम में भीड़भाड़ वाले हाल में बैठने और खड़े रहने की पर्याप्त व्यवस्था न होने से हालात और बिगड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि अस्पताल में अक्सर इस तरह की समस्याएं सामने आती रहती हैं। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा सुधार के कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल प्रशासन से तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
लोहिया अस्पताल में बदइंतजामी का आलम: ओपीडी में गर्मी से मरीज बेहोश, मची अफरा-तफरी


