फर्रुखाबाद
शहर के चर्चित कोचिंग संस्थान “आकाश इंस्टीट्यूट” में छात्राओं से अभद्र व्यवहार के आरोपों ने शिक्षा जगत में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले इस संस्थान में शहर के प्रतिष्ठित परिवारों की छात्राएं पढ़ने आती हैं, लेकिन अब यही संस्थान छात्राओं की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद संस्थान प्रबंधन ने आरोपी मैनेजर अभिराज सिंह को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
बताया जा रहा है कि कई छात्राओं ने मैनेजर के व्यवहार पर गंभीर आपत्ति जताई थी। आरोप है कि वह छात्राओं से अभद्र भाषा में बात करता था और कई बार मर्यादा की सीमाएं भी लांघ चुका था। शिकायतें बढ़ने पर अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया और संस्थान पहुंचकर जमकर हंगामा किया गया। सोशल मीडिया पर भी मामला तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद संस्थान की साख पर सवाल उठने लगे।
सूत्रों के मुताबिक हालात बिगड़ते देख संस्थान के संस्थापक ने आरोपी मैनेजर को जमकर फटकार लगाई। चर्चा है कि संस्थापक और मैनेजर के बीच तीखी गाली-गलौज भी हुई, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से संस्थान से बाहर कर दिया गया। संस्थान की ओर से इसे “अनुशासनात्मक कार्रवाई” बताया गया है, लेकिन शहर में यह मामला चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संस्थान के आसपास अक्सर अराजक तत्वों का जमावड़ा भी देखा जाता रहा है, जिससे छात्राओं और अभिभावकों में पहले से ही असुरक्षा की भावना बनी हुई थी। अब इस घटना के बाद निजी कोचिंग संस्थानों की निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा और आंतरिक माहौल पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा के नाम पर लाखों रुपये फीस लेने वाले संस्थानों में यदि छात्राएं सम्मान और सुरक्षा महसूस न करें तो यह बेहद शर्मनाक स्थिति है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और संस्थान की व्यवस्थाओं की जांच की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में किसी छात्रा की गरिमा के साथ खिलवाड़ न हो सके।


