फर्रुखाबाद। जनपद में रसोई गैस की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। एलपीजी सिलेंडर की समय पर तयआपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस बुकिंग कराने के कई दिन बाद भी सिलेंडर घर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे लोगों की दिनचर्या और रसोई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई लोगों का कहना है कि ऑनलाइन और फोन से बुकिंग कराने के बावजूद समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही। कुछ उपभोक्ताओं को एजेंसी पहुंचकर स्वयं सिलेंडर ले जाने की सलाह दी जा रही है, जबकि बुजुर्ग और महिलाएं इस व्यवस्था से सबसे अधिक परेशान दिखाई दे रही हैं।
गर्मी के मौसम में समस्या और अधिक बढ़ गई है। घरों में समय पर गैस न पहुंचने से खाना बनाने में दिक्कत हो रही है और लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था अपनानी पड़ रही है। मध्यमवर्गीय परिवारों का कहना है कि महंगी गैस के बाद भी यदि समय पर सिलेंडर न मिले तो घरेलू बजट और व्यवस्था दोनों बिगड़ जाते हैं।
कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसियों में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती। कभी सप्लाई कम होने की बात कही जाती है तो कभी वाहन न आने का हवाला दिया जाता है। उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि बुकिंग के बाद डिलीवरी की तय समय सीमा का पालन नहीं हो रहा है।
नगर के विभिन्न मोहल्लों में लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु कराया जाए और एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि रसोई गैस जैसी आवश्यक सेवा में लापरवाही सीधे आम आदमी की जिंदगी को प्रभावित कर रही है। उधर सरकार और प्रशासन व्यवस्था को ठीक होने का दावा कर रहे हैं पर उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
हर दिन जटिल होती जा रही रसोई गैस की समस्या, उपभोक्ता परेशान


