27 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

नवाबगंज में बिजली लाइनों के सुदृढ़ीकरण का अभियान शुरू

Must read

 

11 केवी लाइनों की होगी मरम्मत, जर्जर तार बदले जाएंगे; 20 दिन तक रहेगी अस्थायी कटौती

नवाबगंज। विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और निर्बाध बनाने के उद्देश्य से नवाबगंज उपखंड कार्यालय के विद्युत विभाग ने 11 केवी विद्युत लाइनों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाएगा, जिसके तहत क्षतिग्रस्त और जर्जर विद्युत तारों को बदला जाएगा तथा तकनीकी खामियों को दूर कर आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा।

विद्युत विभाग का कहना है कि कई क्षेत्रों में पुराने और टूटे-फूटे तारों के कारण लगातार फॉल्ट, ट्रिपिंग और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्याएं सामने आ रही थीं। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और बेहतर बिजली उपलब्ध कराने के लिए अब व्यापक स्तर पर लाइनों की जांच और मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। अभियान के तहत विद्युत लाइनों का निरीक्षण कर मिडस्पेन को ठीक किया जाएगा और जहां जरूरत होगी वहां नए तार लगाए जाएंगे।

विभाग के अनुसार इस कार्य के दौरान हज़ियापुर उपकेंद्र से जुड़े हरसिंहपुर फीडर के अंतर्गत आने वाले गांवों में अस्थायी विद्युत कटौती की जाएगी। यह कटौती प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि कार्य की व्यापकता को देखते हुए यह अभियान लगभग 20 दिन या उससे अधिक समय तक चल सकता है।

उपखंड अधिकारी नवाबगंज धर्मेंद्र कुमार राजपूत और हज़ियापुर उपकेंद्र के अवर अभियंता अब्दुल मजीद ने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत, सुरक्षित और विश्वसनीय हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान से लाइन फॉल्ट और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में काफी कमी आएगी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कार्य के दौरान विद्युत लाइनों के आसपास सावधानी बरतें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत विभागीय कार्यालय या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। विभाग ने अस्थायी असुविधा के लिए खेद जताते हुए भरोसा दिलाया है कि यह अभियान भविष्य में बेहतर और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article