अमृतपुर फर्रुखाबाद| राजेपुर कस्बा क्षेत्र की मुख्य बाजार सड़क पिछले दो माह से खुदी पड़ी होने के कारण स्थानीय जनता और व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। इस गंभीर समस्या को लेकर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता (XEN) अशोक कुमार को पत्र के माध्यम से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा और शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि यह सड़क कस्बा राजेपुर की मुख्य धुरी है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों व्यापारी और हजारों लोग आवागमन करते हैं। वर्तमान में सड़क की हालत अत्यंत दयनीय हो चुकी है—धूल, कीचड़ और गहरे गड्ढों के चलते आमजन का चलना मुश्किल हो गया है, वहीं व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आगे चेताया कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो आगामी बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाएगी। बाढ़ की स्थिति बनने पर कस्बे से बाहर निकलने के लिए कोई सुरक्षित मार्ग नहीं बचेगा और यह सड़क पूरी तरह से आधार में लटक सकती है, जिससे संपर्क पूरी तरह बाधित हो जाएगा।
ब्लॉक प्रमुख ने यह भी बताया कि हुल्लापुर जाने के लिए कोई सीधा और सुगम मार्ग उपलब्ध नहीं है। जो वैकल्पिक रास्ते हैं, वे काफी लंबे और असुविधाजनक हैं, जिससे आमजन को अनावश्यक दूरी तय करनी पड़ती है। इसके अलावा, क्षेत्र के गन्ना किसानों को भी आने वाले समय में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि फसल को मिलों तक पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने विभाग से जनहित को प्राथमिकता देते हुए तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने ब्लॉक प्रमुख के इस प्रयास का समर्थन करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
राजेपुर की जर्जर सड़क बनी संकट का कारण, ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी के नेतृत्व में PWD को सौंपा गया ज्ञापन


