यूथ इंडिया | फर्रुखाबाद
ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेला पर्व पर जनपद के प्रमुख गंगा घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार सुबह से ही हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में जिले के संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित पांचाल घाट, थाना कमालगंज क्षेत्र के सिंघी रामपुर घाट तथा थाना शमसाबाद क्षेत्र के ढाई घाट पर सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करते नजर आए।
मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
गंगा घाटों पर नावों और प्रशिक्षित गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। जल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार सतर्क बनी हुई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। प्रशासन द्वारा घाटों के आसपास चिकित्सा सहायता और पेयजल की भी व्यवस्था कराई गई है।
श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान के प्रति जागरूक करने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणाएं की जा रही हैं। लोगों से गहरे पानी में न जाने, बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और व्यापक सुरक्षा इंतजामों के चलते मेला क्षेत्र में शांति एवं सुव्यवस्था बनी हुई है। श्रद्धालु भी प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए और श्रद्धा एवं उल्लास के साथ गंगा स्नान करते दिखे।


