जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक़ अब्दुल्ला पर बुधवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि हमलावर ने पीछे से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री बाल-बाल बच गए। घटना के बाद हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया। इस घटना ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार यह घटना जम्मू शहर के बाहरी क्षेत्र ग्रेटर कैलाश , जम्मू में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई। बताया जाता है कि जब फारूक अब्दुल्ला कार्यक्रम से बाहर निकल रहे थे, तभी कमल सिंह जामवाल नामक व्यक्ति ने कथित रूप से उन पर गोली चलाने का प्रयास किया। हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।
घटना के बाद पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए फारूक अब्दुल्ला ने शांत स्वर में कहा कि यह ईश्वर की कृपा है कि वे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, “अल्लाह ने मुझे बचा लिया।” हालांकि उन्होंने घटना के बारे में अधिक जानकारी देने से परहेज किया।
हमले की खबर सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गुरुवार सुबह अपने पिता से मिलने उनके आवास पहुंचे। घटना के बाद फारूक अब्दुल्ला के घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
इस घटना पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने चिंता व्यक्त की है। महबूबा मुफ़्ती ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला पर हुए गंभीर हमले की खबर सुनकर उन्हें गहरा दुख हुआ, लेकिन यह राहत की बात है कि वह सुरक्षित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस इस सुरक्षा चूक की गहराई से जांच करेगी।
कांग्रेस नेता ग़ुलाम अहमद मीर ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए कहा कि किसी बड़े राजनीतिक नेता पर इस तरह का हमला स्वीकार्य नहीं है और इसकी पूरी तथा पारदर्शी जांच होनी चाहिए। वहीं वहीद उर रहमान पारा ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक वरिष्ठ नेता के खिलाफ हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
इसके अलावा मिर्वाज़ उमर फारूक़ ने भी घटना को चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह गंभीर मामला है कि कोई व्यक्ति हथियार लेकर इतनी नजदीक तक पहुंच गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावर का मकसद क्या था और वह हथियार लेकर कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंच गया।
जम्मू में हत्या की कोशिश के बाद फारूक अब्दुल्ला बोले– ‘अल्लाह ने मुझे बचा लिया’, पिता से मिलने पहुंचे उमर अब्दुल्ला


