34.4 C
Lucknow
Wednesday, June 3, 2026

पाताल में भी छिपोगे तो नहीं बचोगे : सीएम योगी का अपराधियों को खुला अल्टीमेटम

Must read

 

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर से अपराधियों, माफियाओं और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को कड़ा संदेश देते हुए साफ शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में अब अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी गरीबों का हक छीनेगा, व्यापारियों को धमकाएगा या बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराधी चाहे पाताल में ही क्यों न छिप जाएं, सरकार उन्हें वहां से भी खोज निकालने की क्षमता रखती है।

गीडा में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास और खरीफ उत्पादकता गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के साथ ही प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की गई थी। उसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश निवेश, उद्योग और रोजगार का बड़ा केंद्र बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा और सुशासन के बिना विकास संभव नहीं है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित होने के कारण ही उद्योगों का विस्तार हुआ है और युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि अकेले गीडा क्षेत्र में स्थापित उद्योगों के माध्यम से करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है, जो बेहतर कानून व्यवस्था का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

विपक्ष पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में भय और अराजकता का माहौल था, लेकिन अब अपराधियों की नहीं बल्कि कानून की चलती है। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

गोरखपुर से दिया गया मुख्यमंत्री का यह संदेश आगामी समय में अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार ने एक बार फिर अपना कड़ा रुख सार्वजनिक मंच से जाहिर कर दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article