34.4 C
Lucknow
Wednesday, June 3, 2026

रेस्टोरेंट में मौत की आग से 21 लोगों की दर्दनाक मौत

Must read

 

*होटल मालिक लवकेश बजाज को पुलिस ने हिरासत में लिया।

*हादसे में 11 विदेशी नागरिक भी शामिल।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौजरानी इलाके में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के बाद से फरार चल रहे होटल मालिक लवकेश बजाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेस्टोरेंट में अचानक आग भड़कने के बाद भगदड़ मच गई। धुएं और आग की लपटों ने लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन 21 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

प्रारंभिक जांच में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी, आपातकालीन निकास व्यवस्था में खामियां और सुरक्षा उपकरणों के अभाव की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद होटल मालिक लवकेश बजाज फरार हो गया था, जिसके खिलाफ पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू की थी। देर रात पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने राजधानी के होटल, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने 30 दिन का विशेष अभियान चलाकर अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की घोषणा की है।

राजधानी में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच यह हादसा सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। 21 लोगों की मौत ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है, जबकि पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और दोषियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article