24 घंटे में यमुना 12 सेंटीमीटर घटी, फाफामऊ में गंगा 11 सेंटीमीटर बढ़ी; नैनी में यमुना 81.48 मीटर
प्रयागराज। गंगा और यमुना दोनों नदियां उफान पर हैं, हालांकि यमुना के जलस्तर में अब गिरावट शुरू हो गई है। पिछले 24 घंटे में यमुना का जलस्तर 12 सेंटीमीटर कम हुआ है। इसके बावजूद नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
नैनी में यमुना का जलस्तर 81.48 मीटर दर्ज किया गया। वहीं गंगा के जलस्तर में अलग-अलग स्थानों पर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 11 सेंटीमीटर बढ़ा, जबकि छतनाग में गंगा का जलस्तर 12 सेंटीमीटर कम हुआ है।
इसी तरह एसटीपी बक्शी बांध पर जलस्तर में पांच सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। नदियों के जलस्तर में अलग-अलग स्थानों पर हो रहे बदलाव के बीच प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित और निचले इलाकों पर नजर रखी जा रही है।
यमुना के जलस्तर में गिरावट से कुछ राहत के संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन गंगा के कुछ स्थानों पर बढ़ते जलस्तर के कारण स्थिति अभी सामान्य नहीं हुई है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत बनी हुई है।


