गंगा चबूतरे तक पहुंचा कटान, पंचवटी भी खतरे की जद में—समय रहते कदम उठाने की मांग
अमृतपुर: अमृतपुर थाना क्षेत्र के बलीपट्टी रानी गांव में बाढ़ का पानी कम होते ही गंगा नदी में कटान ने रफ्तार पकड़ ली है। गंगा की धारा का रुख बदलने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। लगातार हो रहे कटान के चलते लाखों रुपये की लागत से तैयार कराया गया गंगा चबूतरा भी खतरे की जद में पहुंच गया है। इसी परिसर में लगाई गई पंचवटी के अस्तित्व पर भी संकट मंडराने लगा है।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव से करीब 700 मीटर की दूरी पर गंगा की धारा बह रही है। गंगा के पूर्वी हिस्से में लगातार कटान हो रहा है। पानी कम होने के साथ कटान तेज होने से नदी की धारा धीरे-धीरे गंगा चबूतरे की ओर बढ़ रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि कटान पर समय रहते प्रभावी तरीके से रोक नहीं लगाई गई तो चबूतरे के साथ पंचवटी भी गंगा की धारा की चपेट में आ सकती है।
बताया गया कि गंगा चबूतरे और पंचवटी का उद्घाटन वन विभाग के मंत्री एवं जिलाधिकारी द्वारा किया गया था। अब बदलती गंगा की धारा और बढ़ते कटान ने इस परिसर के अस्तित्व पर ही सवाल खड़ा कर दिया है।
कटान की रफ्तार को देखते हुए ग्रामीणों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी समय रहते कटान रोधी उपाय किए जा सकते हैं। यदि अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकट हो सकती है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


