इटावा: आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW), उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2008-09 के छात्रवृत्ति घोटाले (scholarship scam) में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये के गबन के आरोपी लाल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी मांग पत्र तैयार कर छात्र-छात्राओं के नाम पर छात्रवृत्ति की धनराशि का गबन करने का आरोप है।
पुलिस महानिदेशक, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपी लाल सिंह पुत्र दुलारे सिंह, निवासी 272 ज्ञानदीप कैंपस, देसर मऊ रोड, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा का रहने वाला है। वह संत बीडीएसएम पब्लिक स्कूल, मानीकपुर मोड़, इटावा का प्रबंधक रहा है. उसे 20 जुलाई 2026 को शाम 7:10 बजे फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा स्थित मोहल्ला-इन्द्र कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया है कि वर्ष 2008-09 में कक्षा 1 से 5 तक के अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति के नाम पर फर्जी छात्र संख्या दर्शाकर अस्तित्वहीन 27 विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों द्वारा छात्रवृत्ति की धनराशि आहरित कर उसका गबन और दुरुपयोग किया गया था। ईओडब्ल्यू के अनुसार, आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर छात्रवृत्ति की धनराशि प्राप्त कर उसका गबन किया। मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


