एटा
अलीगंज क्षेत्र में मंडल कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक का आयोजन निवर्तमान चेयरमैन बृजेश गुप्ता के आवास पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोषाध्यक्ष राधेश्याम धनगर सहित कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राधेश्याम धनगर ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता और निष्ठा पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता पूरी लगन और समर्पण से कार्य करें तो संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
भाजपा जिला महामंत्री पीयूष शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना ही पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करना आवश्यक है, जिससे पार्टी को बेहतर परिणाम मिल सके।
मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता ने संगठनात्मक एकता पर बल देते हुए कहा कि आपसी समन्वय और सहयोग से ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और आतिशबाजी कर उत्सव मनाया।
इस मौके पर सौरव गुप्ता, राजीव चौहान, विक्रम कश्यप, सुनील शर्मा, कामेश चन्द्र, सर्वेंद्र राजपूत, विजय राजपूत, सुभाष राजपूत, उमेश गुप्ता, अमन गुप्ता, नितिन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


