24 C
Lucknow
Tuesday, May 5, 2026

रोडवेज बस की टक्कर से पलटा ट्रैक्टर, भूसे की ट्रॉली के नीचे दबे तीन, हालत गंभीर

Must read

 

एटा

अलीगंज क्षेत्र स्थित कायमगंज रोड के कोल्ड तिराहा पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार रोडवेज बस द्वारा ओवरटेक के दौरान मारी गई जोरदार टक्कर से भूसे से लदा ट्रैक्टर पलट गया, जिसके नीचे दबकर तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय दीनदयाल पुत्र रामसनेही निवासी मीरगंज अपने 40 वर्षीय चाचा भगवान दास और 38 वर्षीय बहन अनीता के साथ ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रही फर्रुखाबाद डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और उसमें सवार तीनों लोग भूसे से भरी ट्रॉली के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की गति अत्यधिक तेज थी और चालक ने बिना पर्याप्त दूरी बनाए ओवरटेक किया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए और घायलों को निकालने के प्रयास शुरू किए। सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज एटा रेफर कर दिया गया। सीएचसी अलीगंज के चिकित्सक डॉ. शक्ति मीणा ने बताया कि तीनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे जेसीबी की मदद से काफी देर बाद हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article