35 C
Lucknow
Wednesday, August 12, 2026

विद्युत विभाग की लापरवाही बनी मुहल्लेवासियों के लिए खतरा, मौत को दावत दे रहा झुका बिजली का पोल

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर के बाजार मंडी मोहल्ले में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां असलम के मकान के ठीक सामने लगा लोहे का विद्युत पोल पिछले कई दिनों से बुरी तरह झुक गया है। पोल की हालत इतनी खराब बताई जा रही है कि वह महज बिजली के तारों के सहारे टिका हुआ है। ऐसे में किसी भी समय पोल के गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
बाजार मंडी मोहल्ला घनी आबादी वाला और व्यस्त क्षेत्र है। यहां सुबह से शाम तक बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों का आवागमन बना रहता है। रास्ते की ओर झुका विद्युत पोल स्थानीय लोगों के लिए लगातार चिंता का कारण बना हुआ है। लोगों का कहना है कि तेज हवा या बारिश के दौरान स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मोहल्ले के बच्चे इसी रास्ते से होकर स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में अभिभावक हर समय किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित रहते हैं। लोगों को डर है कि यदि भारी-भरकम लोहे का यह पोल अचानक गिर गया तो राहगीरों की जान के साथ-साथ आसपास के मकानों और अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंच सकता है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। विद्युत उपकेंद्र शमशाबाद में कई बार शिकायत कर अधिकारियों को मामले से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद समस्या के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। कार्रवाई नहीं होने से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर विद्युत विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है। जब पोल पहले से ही जर्जर और खतरनाक स्थिति में है तो उसे समय रहते हटाकर नया पोल क्यों नहीं लगाया जा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द झुके हुए पोल को हटाकर सुरक्षित विद्युत पोल लगाए जाने की मांग की है।
विद्युत विभाग से सुनवाई नहीं होने पर मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत कार्यालय शमशाबाद का रुख किया और शिकायती पत्र सौंपकर समस्या से अवगत कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी तत्काल मौके पर पहुंचे और झुके हुए विद्युत पोल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके की स्थिति को गंभीर बताते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह का जर्जर पोल किसी भी समय गिर सकता है और यदि इसकी वजह से कोई जनहानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। उन्होंने पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाए जाने की बात कही। साथ ही मोहल्लेवासियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article