38 C
Lucknow
Tuesday, April 28, 2026

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, दर-दर भटक रही पीड़िता,महिला सशक्तिकरण के दावों पर सवाल

Must read

 

 

फर्रुखाबाद। जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया गया और शिकायत करने पर पुलिस से भी उसे राहत नहीं मिली। पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के ही एक युवक ने प्रेम संबंध का फायदा उठाते हुए शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि 17 अप्रैल को युवक उसे अपनी खाला के घर ले गया और वहां भी दुष्कर्म किया। जब युवती ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई, जिससे उसे चोटें भी आईं।
सबसे गंभीर बात यह है कि जब पीड़िता शिकायत लेकर जहानगंज थाना पहुंची तो उसे कथित रूप से भगा दिया गया। न्याय की आस में वह अब तक तीन बार पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा चुकी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके परिवार के लोग दबंग हैं और खुलेआम कह रहे हैं कि उन्होंने थाना जहानगंज में 2 लाख और महिला थाना में 1 लाख रुपये दे दिए हैं, इसलिए उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच महिला थाना प्रभारी को सौंप दी है। वहीं, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि महिला थाना से रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां महिला पुलिसकर्मी सड़कों पर महिलाओं को सशक्तिकरण का संदेश देती नजर आती हैं, वहीं दूसरी ओर एक दुष्कर्म पीड़िता न्याय के लिए भटकने को मजबूर है और उसका मुकदमा तक दर्ज नहीं हो पा रहा। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर जमीनी स्तर पर महिला सुरक्षा के दावे कितने मजबूत हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article