मथुरा। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने रविवार को परिवार सहित भगवान श्री द्वारकाधीश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उनके साथ रजिस्ट्रार जनरल मंजीत सिंह सिरोही, जिला जज विकास कुमार, आगरा के जिला जज सहित अन्य न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रातःकाल ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर पहुंचने पर मुख्य न्यायाधीश का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। मंदिर के पीठाधीश्वर गोस्वामी डॉ. वागीश कुमार महाराज ने उन्हें प्रभु का आशीर्वाद प्रदान किया। वहीं मंदिर प्रशासन की ओर से दुपट्टा, प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
दर्शन के दौरान मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने मुख्य न्यायाधीश को मंदिर के इतिहास, धार्मिक परंपराओं और सेवा-पूजा पद्धति की विस्तृत जानकारी दी। मंदिर के आचार्य सहदेव कृष्ण चतुर्वेदी ने स्वस्तिवाचन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कराया।
दर्शन के उपरांत मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने मंदिर की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि भगवान द्वारकाधीश के दर्शन कर उन्हें आनंद और आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हुई।
मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उनके आगमन से श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


