अमृतपुर, फर्रुखाबाद: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को एसबीआई अमृतपुर शाखा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर के प्रभारी डॉ. गौरव वर्मा एवं लीलापुर स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत डॉ. शुभम शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों को मिष्ठान और डायरी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हैं और उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी है।
इस दौरान शाखा प्रबंधक ने उपस्थित लोगों को भारतीय स्टेट बैंक की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं, बचत एवं निवेश योजनाओं, ऋण सुविधाओं तथा अन्य बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्राहकों से सुरक्षित डिजिटल लेनदेन अपनाने, साइबर ठगी से सतर्क रहने तथा बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में अर्पित सिंह सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य समाज के प्रति उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों का सम्मान करने के साथ-साथ आमजन को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय जागरूकता से जोड़ना रहा।
एसबीआई स्थापना दिवस पर चिकित्सकों का सम्मान, बैंकिंग योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी


