फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने आज ऐसा वार किया कि खनन माफियाओं के नेटवर्क में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के सख्त निर्देशों पर चौकी आईटीआई, थाना कादरीगेट क्षेत्र के आवास विकास अंतर्गत खानपुर में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर दी,और मौके से बालू लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली गईं।
छापेमारी के दौरान टीम ने जब ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोका और कागजात मांगे, तो मौके पर मौजूद लोग कोई भी वैध अभिलेख नहीं दिखा सके। पहली नजर में ही मामला अवैध खनन और अवैध परिवहन का पाया गया। बिना देर किए दोनों वाहनों को मौके पर ही कब्जे में लेकर चौकी आईटीआई परिसर में खड़ा करा दिया गया और बाद में थाना कादरीगेट की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सिर्फ एक शुरुआत है। खनन विभाग और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की तैयारी में हैं। जिन लोगों के नाम इस अवैध खेल से जुड़े सामने आएंगे, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
जिलाधिकारी ने साफ संदेश दिया है कि “जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई को और तेज किया जाए, ताकि इस काले कारोबार की जड़ तक पहुंचकर इसे पूरी तरह खत्म किया जा सके।
जिले में लंबे समय से अवैध खनन को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि रात के अंधेरे में बालू का खेल बड़े स्तर पर चल रहा था, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा था और पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ रहा था। ऐसे में प्रशासन की यह सख्ती सीधे तौर पर माफियाओं पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है।


