– मधु गैस एजेंसी पर फूटा गुस्सा
फर्रुखाबाद। जिले में गैस आपूर्ति की गड़बड़ी पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। डीएम डॉ. अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह ने कमालगंज स्थित मधु गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर सिस्टम की पोल खोल दी। डिलीवरी दिए बगैर मैसेज पास करने पर डीएम मैडम लाठऱ ने जमकर फटकार लगाई और जिला पूर्ति अधिकारी को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि 08 अप्रैल को की गई गैस बुकिंग की डिलीवरी कई उपभोक्ताओं तक अब तक नहीं पहुंची, जबकि रिकॉर्ड में डिलीवरी दिखाकर मैसेज भेज दिए गए। इस खुलासे पर डीएम ने मौके पर ही कड़ी नाराजगी जताई और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि ऐसी लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उपभोक्ताओं ने शिकायत की—बिना सिलेंडर मिले ही मोबाइल पर “डिलीवर हो गया” का संदेश आ जाता है। यानी कागजों और सिस्टम में डिलीवरी पूरी, लेकिन हकीकत में घर तक गैस नहीं पहुंची। इसे डीएम ने गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि बिना वास्तविक डिलीवरी के किसी भी उपभोक्ता को मैसेज न भेजा जाए और हर बुकिंग की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 100 प्रतिशत होम डिलीवरी लागू करने पर जोर दिया, ताकि उपभोक्ताओं को एजेंसी के चक्कर न लगाने पड़ें।
सूत्रों के मुताबिक, जिले में एलपीजी वितरण को लेकर पहले भी शिकायतें आती रही हैं—कहीं देर से डिलीवरी, कहीं अतिरिक्त वसूली और अब “फर्जी डिलीवरी मैसेज” का मामला सामने आना पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


