– तहसील प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
फर्रुखाबाद। जिले में चल रहे जनगणना कार्य में लापरवाही और सुस्ती को लेकर डीएम नें सक्रियता दिखाते हुए सख्त रुख किया है। 22 मई से जनगणना कार्य शुरू होने के बावजूद कई कर्मचारियों को अब तक ड्यूटी लेटर और आवश्यक किट उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। आरोप है कि तहसीलदार स्तर पर समन्वय की भारी कमी देखने को मिल रही है, जिससे पूरा अभियान प्रभावित हो सकता है।
सूत्रों के मुताबिक कई गणनाकर्मी बिना किट और आधिकारिक दस्तावेजों के ही इंतजार में बैठे हैं। वहीं सुपरवाइजरों की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। कर्मचारियों का कहना है कि अन्य जिलों में जनगणना का कार्य तेज गति से चल रहा है, जबकि फर्रुखाबाद में अभी तक व्यवस्थाएं पूरी तरह पटरी पर नहीं आ सकी हैं।
मामले की शिकायतें जिला प्रशासन तक पहुंचने के बाद जिलाधिकारी डॉ . अंकुर लाठर ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया है। बताया जा रहा है कि डीएम ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में शुरुआती स्तर पर ही अव्यवस्था सामने आने से प्रशासनिक तैयारियों की पोल खुलती नजर आ रही है। कर्मचारियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जबकि समयबद्ध कार्य पूरा करने का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
जानकारों का मानना है कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रभावित हो सकती है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिला प्रशासन जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई करता है और जनगणना कार्य को गति देने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।


