– 80 करोड़ की 93 हेक्टेयर सरकारी जमीन कराई कब्जामुक्त
मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया के सख्त निर्देशों पर मुरादाबाद प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 80 करोड़ रुपये मूल्य की 93 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और अवैध कब्जों के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया के निर्देश पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कल्याणपुर एतमाली क्षेत्र में अभियान चलाया। मौके पर पहुंची टीम ने सरकारी अभिलेखों के आधार पर भूमि की पैमाइश कर अतिक्रमण हटाया और पूरी जमीन को सरकार के कब्जे में ले लिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में सरकारी भूमि की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी अतिक्रमण मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी संपत्तियों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता है और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। माना जा रहा है कि डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया के नेतृत्व में चल रहे अभियान से भू-माफियाओं में हड़कंप है और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का रुख पूरी तरह सख्त हो गया है।


